बरेली : यूपी की बरेली पुलिस ने आम नागरिकों के खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाकर एक बार फिर भरोसे की मिसाल पेश की है।जनवरी महीने में साइबर टीम, सर्विलांस सेल और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त कार्रवाई के तहत कुल 516 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
CEIR पोर्टल बना सबसे बड़ा हथियार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक,इस सफलता के पीछे केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की अहम भूमिका रही। इसी तकनीकी प्लेटफॉर्म के जरिए मोबाइल की IMEI संख्या के आधार पर लोकेशन और पहचान को ट्रैक किया गया।लगातार तकनीकी निगरानी और फील्ड वर्क के बाद पुलिस टीम ने इन मोबाइल फोनों को अलग-अलग स्थानों से बरामद किया।
रविंद्रालय में सौंपे गए मोबाइल

बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने मंच से बरेली पुलिस और साइबर सेल का दिल से आभार जताया।
टीमों को मिलेगा सम्मान
इस सराहनीय अभियान के लिए एसएसपी बरेली ने अहम भूमिका निभाने वाली थाना कैंट,शाही, अलीगंज,फतेहगंज पूर्वी,और क्योलड़िया की साइबर सेल टीमों को सम्मानित करने की घोषणा की है।प्रत्येक टीम को 2000 का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा, ताकि उनका मनोबल और अधिक बढ़े।
पहले भी रच चुकी है बरेली पुलिस रिकॉर्ड
पुलिस विभाग ने बताया कि यह पहली उपलब्धि नहीं है। जनवरी 2025 से अब तक कुल 3648 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ है।
पुलिस का भरोसा भरा संदेश
बरेली पुलिस का कहना है कि आम जनता की सुविधा और मदद के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि लोगों को उनकी खोई हुई चीजें वापस मिल सकें और पुलिस-जनता के बीच विश्वास और मजबूत हो।
जानें क्या बोले – SP Traffic
इस पूरे मामले पर एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने कहा कि “तकनीक और टीमवर्क के सही इस्तेमाल से जनता को राहत देना पुलिस की प्राथमिकता है। मोबाइल बरामदगी अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
