बरेली : यूपी के बरेली में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक ही रात में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।शहर के प्रेमनगर, बारादरी और आंवला थाना पुलिस की इस संयुक्त सख्ती में करीब ढाई किलो से अधिक अवैध अफीम बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
प्रेमनगर में कुदेशिया पुल से 534 ग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रात की गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुदेशिया पुल के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 38 वर्षीय निरोत्तम मौर्य को दबोच लिया।तलाशी में उसके पास से 534 ग्राम अवैध अफीम, करीब 1100 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। अफीम की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
बारादरी में भरतौल रोड से दो शातिर तस्कर पकड़े गए
शहर के बारादरी थाना पुलिस ने भरतौल रोड स्थित ब्लॉक गोदाम के पास चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अरविंद और दिनेश के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से 741 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
आंवला में 1 किलो अफीम और बाइक के साथ युवक गिरफ्तार
इसी कड़ी में आंवला थाना पुलिस ने बाजार मऊचंदपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना पर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने 24 वर्षीय मुनीश कुमार को 1 किलो अवैध अफीम और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी अलीगंज थाना क्षेत्र के कुण्डरिया फैजुल्लापुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमे, सभी आरोपी जेल भेजे गए
तीनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
