बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज सात महीने बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिजनों ने पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। बुधवार को आरोपी पति को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पढ़ाई के दौरान हुई थी मुलाकात, फिर किया प्रेम विवाह
शहर के सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने मीडिया को बताया कि शांति विहार निवासी अमित की मुलाकात कोमल मिश्रा से पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और नवंबर 2025 में उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
दहेज उत्पीड़न का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही अमित और उसके परिवार के लोग कोमल पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
18 मई को हुई थी संदिग्ध मौत
18 मई को कोमल मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता ने सुभाषनगर थाने में पति अमित और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश में दबिश दी।
रेलवे पुलिया के पास से दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी अमित को मढ़ीनाथ रेलवे पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
यह बोले इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने मीडिया को बताया कि दहेज हत्या के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
