बरेली : दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रफ्तार ने एक बार फिर कहर बरपाया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के अटा कायस्थान के पास करमपुर तिराहे पर दो मोटरसाइकिलों की आमने -सामने जबरदस्त टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान मोहम्मदपुर ठाकुरान निवासी पवन कुमार (पुत्र नोनी राम) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पवन कुमार बहेड़ी के तहसीलदार भानु प्रताप सिंह के साले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पवन कुमार अपनी बाइक से किसी काम से जा रहे थे। जब वे अटा कायस्थान के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी रामपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार कई मीटर दूर जा गिरे। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को सड़क से उठाया। मौके पर सीबीगंज पुलिस पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को राममूर्ति अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही का नतीजा था। टक्कर के बाद दोनों बाइकें करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। सीबीगंज थाने की पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घर में मचा कोहराम
हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, मृतक के घर मातम छा गया। परिजन तुरंत बरेली पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में स्पीड लिमिट लागू करने और रफ्तार नियंत्रण के उपायों की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
रफ्तार की लापरवाही पर बढ़ता खतरा
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हाल के महीनों में तेज रफ्तार से होने वाले हादसों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
