बरेली: बारादरी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई है, जिसे वह बिहार से खरीदकर शहर में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने मामले में फरार साथी के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है।
गश्त के दौरान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
इंसपेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय अपनी टीम के साथ रात में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सम्राट अशोक नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। जब उसे रोका गया और तलाशी ली गई तो उसके पास से करीब 696 ग्राम अफीम बरामद हुई।
सिरौली इलाके का रहने वाला है आरोपी
पकड़े गए युवक की पहचान थाना सिरौली क्षेत्र के ग्राम भीमपुर कठौती निवासी नेमसिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह ट्रक पर हेल्पर का काम करता है और इसी दौरान उसने नशे की तस्करी का रास्ता पकड़ लिया।पूछताछ में नेमसिंह ने बताया कि ट्रक पर काम करते वक्त उसकी पहचान बिहार के छपरा जिले के डाल्टनगंज निवासी प्रदीप यादव से हुई थी। उसी ने मोटी कमाई का लालच देकर उसे अफीम खरीदने और शहर में बेचने के लिए तैयार किया। आरोपी ने छपरा के एक ढाबे के पास से करीब 17 लाख रुपये की अफीम खरीदी थी। कुछ रकम उसने मौके पर दी और बाकी पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
एक साथी फरार, मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान नेमसिंह का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने नेमसिंह और छपरा निवासी प्रदीप यादव के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अफीम खरीदने के लिए इतनी बड़ी रकम आरोपी के पास कहां से आई और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
