बरेली : शहर के इज्जतनगर इलाके में सास और साले की हत्या करने वाला आरोपी अफसर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन टीमों ने घेरकर किया एनकाउंटर
एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, सोमवार को हुए डबल मर्डर के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।मंगलवार सुबह करीब 6 बजे इज्जतनगर क्षेत्र में आरोपी को घेर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पास से एक पिस्टल और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ। मौके से करीब 10 खोखे भी मिले हैं। इस दौरान दो सिपाही भी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंचायत के दौरान हुआ था हमला
शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए सोमवार को पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान अफसर खां ने अपनी सास आसमां, साले आदिल और पत्नी सायमा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आसमां और आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सायमा की हालत गंभीर बनी हुई है।
घरेलू विवाद और नशे की लत बना वजह
जानकारी के मुताबिक, अफसर खां ने 2017 में अपनी चचेरी बहन सायमा से प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे भी हैं। परिवार वालों के अनुसार, घर खर्च को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। अफसर नशे का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिससे परिवार में तनाव बना रहता था।
