बरेली : शहर में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 14 फरवरी की रात 9 बजे से 15 फरवरी की रात 9 बजे तक नगर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
क्यों लागू किया गया ट्रैफिक प्रतिबंध?
बरेली में महाशिवरात्रि के अवसर पर प्राचीन शिव मंदिरों में लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। भीड़ और संभावित जाम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इन मार्गों से शहर में नहीं आएंगे भारी वाहन
शहर के परसाखेड़ा रोड, बिलवा पुल/लालपुर कटा, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर (इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी), रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़ से किसी भी भारी वाहन को शहर की ओर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
डायवर्जन प्लान- बाहरी रूट से गुजरेंगे वाहन
शहर के दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत, बदायूं और लखनऊ की ओर से आने-जाने वाले भारी वाहन और रोडवेज बसें बड़े बाईपास व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर संचालित होंगी, ताकि शहर के अंदर यातायात दबाव न बढ़े।
मंदिर मार्गों पर चार पहिया वाहनों पर रोक
अलखनाथ मंदिर और कालीबाड़ी की ओर कुदेशिया अंडरपास, किला क्रॉसिंग और श्यामतगंज मार्ग से चार पहिया वाहन, ऑटो, मैजिक और मैक्स का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे तय डायवर्जन का पालन करें और सहयोग देकर पर्व को सुरक्षित व शांतिपूर्ण बनाने में मदद करें।
