बरेली : शहर के स्टेडियम रोड पर बुधवार दोपहर एक बड़ा और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। नो एंट्री में घुसे एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 62 वर्षीय सुनीता अग्रवाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति मुकेश अग्रवाल (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों की बड़ी संख्या सड़क पर इकठ्ठा हो गई और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
दवा दिलाने निकले थे, बीच रास्ते में मिल गई मौत
जानकारी के मुताबिक, आशापुरम कॉलोनी निवासी मुकेश अग्रवाल, जो बैंक से रिटायर हो चुके हैं, अपनी पत्नी सुनीता को दवा दिलाने के लिए स्कूटी से स्टेडियम रोड की ओर जा रहे थे,जैसे ही उनकी स्कूटी A.K.I. हॉस्पिटल के सामने पहुंची, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने नियम तोड़ते हुए नो एंट्री में जबरन घुसकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भारी थी कि सुनीता अग्रवाल सड़क पर गिरते ही ट्रक के पिछले पहियों के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घायल पति की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
हादसे में गंभीर रूप से घायल मुकेश अग्रवाल को मौजूद लोगों ने तुरंत विपिन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक बताया है। हादसे के ठीक बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ पंकज श्रीवास्तव ने The Justice HINDI को बताया कि ट्रक के नो एंट्री में आने के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास में लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। चालक की पहचान के प्रयास जारी हैं। परिवार की तहरीर पर FIR दर्ज की जाएगी। स्टेडियम रोड पर इस हादसे ने शहर में नो एंट्री के नियमों के लगातार उल्लंघन और पुलिस की लापरवाही को फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोग पहले भी कई बार यहां भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठा चुके हैं।
