बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की 94वीं बोर्ड बैठक आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में BDA के उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, बिजली विभाग के अधिकारी, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि और बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में जिले के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई और नई औद्योगिक टाउनशिप बनाने की योजना को मंजूरी दी गई।
दिल्ली हाईवे के पास बनेगी औद्योगिक टाउनशिप
BDA की योजना के अनुसार दिल्ली हाईवे से सटे इलाके में नई औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसके लिए फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम भिटौरा नौगवां, चिटौली, रहपुरा जागीर और रसूला चौधरी में करीब 126.304 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। यह जमीन करीब 600 किसानों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जाएगी।
किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा
प्राधिकरण की ओर से किसानों से जमीन बाजार मूल्य से चार गुना कीमत पर खरीदी जाएगी। जमीन खरीदने के बाद वहां सड़क, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके बाद विकसित भूखंड आम लोगों और उद्योगों के लिए आवंटित किए जाएंगे।
औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के मुताबिक इस औद्योगिक टाउनशिप के बनने से बरेली जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नए उद्योग स्थापित होने की संभावना बढ़ेगी। इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। इसके अलावा BDA ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 3329.09 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य रखा है, जबकि विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों पर करीब 2493.53 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। इनमें से लगभग 1498 करोड़ रुपये टाउनशिप योजनाओं के लिए जमीन खरीदने पर खर्च किए जाएंगे।
