बरेली : यूपी के बरेली बवाल में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी और फैजान सकलैनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसपी सिटी ने मीडिया को बताया कि मुनीर ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और मौलाना तौकीर रजा के तीखे बयान डालकर माहौल को खराब करने की कोशिश की थी।
घर से भागने की तैयारी में था मुनीर
पुलिस ने बताया कि बिहारीपुर क्षेत्र निवासी मुनीर इदरीसी को शुक्रवार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि वह घर से भागने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने दबोच लिया। कोतवाली में हुई पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बवाल कराने के लिए भड़काऊ पोस्ट डाली थी।
मौलाना को खुश करने के लिए डाली पोस्ट
पुलिस के अनुसार, मुनीर ने कबूल किया कि वह और उसके साथी मौलाना तौकीर रजा को खुश करने के लिए सोशल मीडिया पर भड़काऊ बातें डालते थे। उसने बताया कि नफीस और नदीम की चिट्ठी वायरल होने के बाद, उसने भी भीड़ को भड़काने वाले वीडियो और बयान सोशल मीडिया पर फैलाए। यह सब उसने फरहत और मौलाना के करीबी लोगों की काट करने के लिए किया।
छोटी पगार, बड़ी जिम्मेदारी
पुलिस पूछताछ में मुनीर ने कहा कि उसे पार्टी से मामूली वेतन मिलता था, जिससे उसका गुजारा मुश्किल था। खर्च चलाने के लिए वह मौलाना से जुड़े अन्य लोगों से मदद लेता और बदले में फोटो, वीडियो और पार्टी की गतिविधियों को सोशल मीडिया पर प्रचारित करता। मुनीर ने साफ कहा कि “मैं तो छोटी पगार वाला कर्मचारी हूँ, बड़ों से पूछिए, असली राज वहीं छिपे हैं।” पुलिस इस मामले में 83 लोगों को जेल भेज चुकी है।
