मृतका का फाइल फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सुबह की सैर पर निकली एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
रोज की तरह निकली थीं टहलने, नहीं लौटी घर
मोहल्ला माली निवासी अनूप के अनुसार उनकी पत्नी विनीत (40 वर्ष) रोजाना की तरह सुबह घर से टहलने के लिए निकली थीं। लेकिन फाटक के पास अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को घटना की सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिवार में मचा कोहराम, मोहल्ले में पसरा मातम
जैसे ही हादसे की खबर परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिसने भी यह मंजर देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।मृतका अपने पीछे पति अनूप दो छोटे बच्चे छोड़ गई हैं। इस हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में गहरा शोक है।
रेलवे फाटक पर सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक के पास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।लोगों का कहना है कि सुबह के समय यहां पर्याप्त सतर्कता नहीं होती, जिससे इस तरह के हादसे होते हैं।
