लाल निशान मिटाने पर सख्त, सीएम ग्रिड योजना के तहत शुरू हुई कार्रवाई, 50+ अतिक्रमण चिन्हित, निगम की सख्ती से दुकानदारों में हड़कंप
बरेली : शहर के कोहाड़ापीर क्षेत्र में मंगलवार को नगर निगम का बुलडोजर एक बार फिर गरजा। सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों के चौड़ीकरण और ट्रैफिक सुधार के लिए मजार के समीप बनी कई अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी और खलबली का माहौल बन गया।
लाल निशान मिटाने पर सख्त हुआ निगम, सीधे चला बुलडोजर
नगर निगम की टीम ने दोपहर करीब 1 बजे कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के सामने अवैध रूप से बनी दुकानों पर कार्रवाई की। इन दुकानों को पहले ही चिन्हित कर लाल निशान लगाए गए थे, लेकिन कई दुकानदारों ने उन निशानों को मिटा दिया। निगम ने इसे गंभीरता से लेते हुए बिना किसी राहत के सीधे बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। दो बुलडोजरों की मदद से कुछ ही समय में अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।
सीएम ग्रिड योजना के तहत बड़े अभियान की शुरुआत
नगर निगम के मुताबिक यह कार्रवाई मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (CM Grid) योजना के दूसरे चरण के तहत की जा रही है।50 से 55 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। अभियान कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग और धर्मकांटा से कोहाड़ापीर तक चलेगा।मजार के पास की दुकानों को हटाकर अभियान की शुरुआत की गई। ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी तरह के विरोध को रोकने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन की सख्ती के चलते कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कर ली गई।
सड़कों का होगा चौड़ीकरण, जाम से मिलेगी राहत
नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि अवैध कब्जे हटाकर सड़क चौड़ी की जाएगी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी। इससे जाम की समस्या में कमी आएगी। इसके साथ ही निगम ने चेतावनी दी है। निशान मिटाने वालों पर सख्त कार्रवाई कर निगम ने साफ कर दिया है कि सरकारी निशान से छेड़छाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में पहले इन्हीं के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।
