बरेली : यूपी के बरेली में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए पूरे जिले का मिजाज बदल दिया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर बाद तेज हवाओं व हल्की बूंदाबांदी ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी। हालांकि, इस बदले मौसम ने किसानों की चिंता को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी बारिश होने की उम्मीद है। मगर, गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ होने की आशंका जताई गई है। गुरुवार को तापमान बढ़ना तय है। तेज हवा और बूंदाबादी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान घटकर 21 डिग्री सेल्सियस रह गया है। जिसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
सुबह से बदला मौसम, धूप रही गायब
मंगलवार सुबह से ही मौसम सुहावना बना रहा। तेज धूप नहीं निकलने और बादलों की लुकाछिपी के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिनभर ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहा। दोपहर करीब 2 बजे के बाद मौसम ने अचानक रौद्र रूप ले लिया। आसमान में घने बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली। कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। आंधी के चलते सड़कों पर धूल का गुबार छा गया और कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। इसके बाद हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत महसूस की। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में कम रहा।
किसानों के लिए बढ़ा खतरा, फसलों को नुकसान का अंदेशा
जहां शहरवासियों को राहत मिली, वहीं किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।दो दिन पहले हुई आंधी और बारिश से फसल को पहले ही नुकसान हो चुका है। मगर, अब दोबारा मौसम खराब होने से चिंता और बढ़ी। फसल बीमा कंपनी की शुरुआती रिपोर्ट में नुकसान की पुष्टि होना तय है। सबसे ज्यादा असर बहेड़ी, फरीदपुर और आंवला तहसीलों में देखा गया है। जिले में लगभग 1.75 लाख हेक्टेयर में गेहूं की खेती होती है, जिसमें से करीब 20% फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। अगर, मौसम का यही रुख बना रहा, तो नुकसान और बढ़ सकता है।
राहत और चिंता के बीच झूल रहा मौसम
एक तरफ मौसम ने गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए यह खतरे की घंटी बन गया है।प्रशासन और कृषि विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
