बरेली में पंचायत चुनाव की पूरी डिटेल जारी, 1188 ग्राम पंचायत में होगा चुनाव
बरेली : उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन- 2025 की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी कड़ी में बरेली जिला प्रशासन ने आधिकारिक रूप से बैलेट पेपर और चुनाव चिन्हों का पूरा विवरण जारी कर दिया है। निर्वाचन विभाग के डाटा के मुताबिक बरेली में कुल 23,38,753 मतदाता हैं। इनके लिए 1 करोड़ 04 लाख 51 हजार 200 पोस्टल बैलेट पेपर छप रहे हैं। ये बैलेट पेपर दिल्ली की एक विशेष सरकारी प्रिंटिंग प्रेस में तैयार किए जा रहे हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी सतीश चंद्र मौर्य ने बताया कि सभी मतपत्रों का डाटा विभाग को भेज दिया गया है। प्रिंटिंग कार्य तेज़ी से चल रहा है। हर पद के लिए अलग -अलग डिज़ाइन और अलग-अलग प्रतीक तय किए गए हैं
चार पद: अलग चुनाव चिन्ह, अलग बैलेट पेपर
इस बार पंचायत चुनाव में चार पदों पर मतदान होगा। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) और जिला पंचायत सदस्य। हर पद के लिए चुनाव चिन्हों और बैलेट पेपर की संख्या तय हो गई है। ग्राम पंचायत सदस्य पद को 18 चुनाव चिन्ह, ग्राम प्रधान पद को 57 चिन्ह, क्षेत्र पंचायत सदस्य को 36 चिन्ह और जिला पंचायत सदस्य पद को 54 चिन्ह मतपत्र में होंगे।
जानिए कितने बैलेट पेपर छपेंगे?
बरेली में ग्राम पंचायत सदस्य को 13,31,200 बैलेट पेपर, ग्राम प्रधान पद को 30,39,300 बैलेट, क्षेत्र पंचायत सदस्य को 29,47,500 बैलेट और जिला पंचायत सदस्य को 31,33,200 पोस्टल बैलेट पेपर छपेंगे। यह दिल्ली से छपेंगे।
इस बार कौन-कौन से चिन्ह मिलेंगे?

जिला पंचायत सदस्य को आरी, झोपड़ी, कैमरा, क्रेन, कैंची आफ,क्षेत्र पंचायत सदस्य को अनार, कांच का गिलास, ईंट, टोपी, कुंआ आदि, ग्राम प्रधान पद को इमली, कार, कन्नी, चारपाई, छत का पंखा, गदा और ग्राम पंचायत सदस्य पद को आम, ओखली, अंगूर, केला आदि चुनाव चिन्ह प्रत्याशियों को मिलेंगे।
5 ग्राम पंचायतों में इस बार चुनाव नहीं होंगे
क्योंकि परिसीमन के बाद इन पंचायतों को नगर पालिका में शामिल कर दिया गया है। इसमें नवाबगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत याकूबपुर, बहोरनगला,मझगवां ब्लॉक की नगरिया सातम, बेहटा बेटा जुनू और अवादान हैं। अब यहां के मतदाता नगर पालिका अध्यक्ष (चेयरमैन) चुनेंगे। जिले में पहले ग्राम पंचायत 1193 थीं। मगर, अब 1188 बची हैं। बीडीसी सदस्य पहले 1467 थे, जो अब 1460 होंगे। इसी तरह से ग्राम पंचायत सदस्य पहले: 14,921, जो अब घटकर 14,886 रह गए हैं।
किस ब्लॉक में कितनी ग्राम पंचायतें?
सबसे ज़्यादा ग्राम पंचायत बहेड़ी विकास खंड में हैं। यहां 108 ग्राम पंचायतें हैं। नवाबगंज में 105, आलमपुर जाफराबाद में 92, भुता में 92, भोजीपुरा में 77,फरीदपुर में 78, शेरगढ़ में 89, मझगवां में 84, बिथरी चैनपुर में 74, रामनगर में 59, मीरगंज में 67, फतेहगंज पश्चिमी में 67, भदपुरा में 79, और दामखोदा में 73 ग्राम पंचायत हैं
