परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में देर रात धधकी आग, 4 दमकलों ने दो घंटे में पाया काबू
बरेली : यूपी के बरेली के परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भारत पेट्रोलियम पंप के सामने स्थित एक प्लाईवुड गोदाम में भीषण आग लग गई। पेट्रोल पंप के नजदीक आग लगने से बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया और इलाके में दहशत फैल गई।
देर रात लगी आग, तुरंत पहुंची दमकल टीम
जानकारी के अनुसार, रात 12:24 बजे अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना मिली। मोहित नामक व्यक्ति ने सिविल लाइंस फायर स्टेशन को फोन कर बताया कि सड़क नंबर-4 पर स्थित प्लाईवुड गोदाम में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई और महज चार मिनट में घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया।
आग की भयावहता देख बुलानी पड़ी अतिरिक्त गाड़ियां
गोदाम में प्लाईवुड होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। हालात की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल चार फायर टेंडरों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने हौज पाइप लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
बड़े हादसे को टालने में मिली सफलता
पेट्रोल पंप के पास आग लगने के कारण खतरा काफी बढ़ गया था, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को उजागर कर दिया है। समय रहते कार्रवाई न होती, तो यह आग और बड़ा रूप ले सकती थी।
