2 लाख और बाइक की मांग, प्रताड़ना के आरोप, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद बढ़ेंगी धाराएं
बरेली : यूपी के बरेली में दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां ससुराल पक्ष की कथित पिटाई के बाद एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने मीडिया को बताया कि मृतका आफरीन की शादी 4 अप्रैल 2023 को किला छावनी निवासी शाकिर से हुई थी। मायके पक्ष के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुरालीजन दो लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि 30 मार्च को भी आफरीन के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलने पर भाई अस्पताल पहुंचा, जहां आफरीन बोलने की स्थिति में नहीं थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पति शाकिर, जेठ आशिक, देवर रेहान और ननद आसमा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
इंस्पेक्टर सुभाष कुमार के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद धाराओं में इजाफा किया जाएगा, तो वहीं मायके पक्ष ने इसे हत्या का मामला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और सभी आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।
