बरेली : शहर के लालफाटक फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब सीएनजी कैप्सूल से भरे एक कैंटर में अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। तेज आवाज के साथ गैस निकलते देख राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल फ्लाईओवर पर यातायात रोक दिया। जिससे चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। जानकारी के अनुसार बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव सिगोही निवासी कृपाल शाहजहांपुर के पिपरौला स्थित प्लांट से कैंटर में सीएनजी लोड कराकर बदायूं के हमीदी पेट्रोल पंप जा रहे थे। जैसे ही वाहन लालफाटक फ्लाईओवर पर पहुंचा, चालक को गैस रिसाव का आभास हुआ। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और पुलिस व संबंधित कंपनी को सूचना दी।
कैंट थाना पुलिस अलर्ट
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।इंस्पेक्टर क्राइम के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों नेविभागों फ्लाईओवर को खाली कराया और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा। एहतियात के तौर पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने गैस रिसाव रोकने के लिए काफी देर तक प्रयास किया। गैस का दबाव कम होने के बाद हालात सामान्य हो सके। इस दौरान फ्लाईओवर पर मौजूद लोग भय के चलते दूर भागते नजर आए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
धूप और जाम से लोग हुए परेशान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गैस रिसाव के कारण कुछ समय के लिए फ्लाईओवर पर सन्नाटा जैसा माहौल बन गया था। पुलिस लगातार लोगों को वाहन बंद रखने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह देती रही। लालफाटक क्षेत्र पहले से ही भारी यातायात दबाव वाला इलाका माना जाता है। फ्लाईओवर पर यातायात रुकने से लंबा जाम लग गया और तेज धूप में राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी कैंट इलाके में अक्षर विहार पार्क के पास सीएनजी कैप्सूल से गैस रिसाव की घटना सामने आई थी। उस दौरान भी पुलिस और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने सीएनजी परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
