महिला की तहरीर पर प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से लिव-इन रिलेशनशिप का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पति ने महिला को छोड़ा
पीड़िता के मुताबिक, उसकी पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन बेटी जन्म लेने के बाद पति ने यह कहकर उसे छोड़ दिया कि उसे लड़का चाहिए। पिछले तीन साल से महिला अपनी बेटी के साथ रह रही है और जागरणों में राधा की झांकी में अभिनय कर परिवार का खर्च चलाती है। करीब आठ महीने पहले उसकी मुलाकात रिठौरा निवासी टिंकू साहू से हुई। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फिर यह रिश्ता लिव-इन रिलेशनशिप में बदल गया। महिला का आरोप है कि टिंकू ने शादी का वादा किया, जिसके भरोसे वह उसके साथ रहने लगी।
शादी के नाम पर की टाल मटोल
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब विवाह की बात आई तो आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी। महिला का कहना है कि अब टिंकू शादी से साफ इनकार कर रहा है, और फोन पर धमकी दे रहा है कि “अगर तूने पुलिस में शिकायत की तो तुझे और तेरी बेटी को जान से मार दूंगा।”पीड़िता ने इस पर प्रेमनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद पुलिस ने धारा 376 (शारीरिक शोषण) और धमकी से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की पूरी तथ्यात्मक और मेडिकल/इलेक्ट्रॉनिक प्रमाणों के आधार पर जांच की जाएगी। साक्ष्य मिले तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
