बरेली : यूपी के बरेली में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बरेली मंडल एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। देहात की फरीदपुर तहसील के चकबंदी कार्यालय में तैनात पेशकार रजत चौधरी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बरेली कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ दुराचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
शिकायत ऐसे आई सामने?
तहसील क्षेत्र के गांव पदारतपुर निवासी आदिल ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दी थी कि पेशकार दाखिल-खारिज की प्रक्रिया कराने के नाम पर उनसे 15,000 रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत सत्यापित होने के बाद टीम ने ट्रैप योजना बनाई।
ऐसे हुई गिरफ्तारी?
गुरुवार को शिकायतकर्ता निर्धारित राशि लेकर कार्यालय पहुँचा। जैसे ही रजत चौधरी ने पैसा अपने कब्जे में लिया, एंटी करप्शन टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद उसे टीम सीधे बरेली कोतवाली लाई और वैधानिक कार्यवाही शुरू की गई। टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि “यह कार्रवाई साफ संदेश है कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर किसी नागरिक से कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो वह सीधे एंटी करप्शन कार्यालय से संपर्क करे।”
