देश-विदेश से आएंगे लाखों अकीदतमंद, 15 से 23 दिसंबर तक बरेली में विशेष शिविर
बरेली : अजमेर शरीफ की विश्वप्रसिद्ध दरगाह ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती का 814वां उर्स 17 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। लाखों अकीदतमंद हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से उर्स में शिरकत के लिए रवाना हो रहे हैं। इनमें से बड़ी संख्या में ज़ायरीन बरेली दरगाह आला हज़रत पर पहले हाज़िरी देते हुए आगे अजमेर शरीफ जाते हैं। नेपाल, असम, गुजरात, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, महाराष्ट्र, बंगाल, दिल्ली, उत्तराखंड और यूपी के कई जिलों से आने वाले ज़ायरीन का 15 से 23 दिसंबर तक बरेली सिटी स्टेशन पर विशेष पड़ाव रहेगा।
सिटी स्टेशन पर लगेगा बड़ा शिविर, दरगाह प्रमुख की निगरानी में होंगी व्यवस्थाएँ

दरगाह आला हज़रत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि ज़ायरीन की सहूलियत के लिए दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन मियां की देखरेख में सिटी स्टेशन के सामने एक बड़ा शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में टीटीएस वालंटियर 24×7 सेवा में तैनात रहेंगे।
ADM नगर की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक,प्रशासन को सौंपा गया मांगपत्र
उर्स की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में ADM नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में बैठक हुई। दरगाह की ओर से प्रशानिक अधिकारी हाजी मोहम्मद जावेद खान ने हज़रत सुब्हानी मियां का पत्र सौंपा और ज़ायरीन की सुविधा हेतु कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। दरगाह की ओर से सिटी स्टेशन पर शिविर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 24 घंटे डॉक्टर व दवाइयों की उपलब्धता, शौचालय, पानी के टैंक और साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, सिटी स्टेशन से दरगाह तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार,दिल्ली, लखनऊ, बदायूँ और पीलीभीत से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाए। इस दौरान टीटीएस टीम के औरंगज़ेब नूरी, नासिर कुरैशी, शान रज़ा, ताहिर अल्वी और मंजूर रज़ा ने रास्तों के गड्ढे भरवाने और ट्रैफिक प्लान में सुधार की मांग भी रखी।
ADM बरेली के निर्देश-सभी व्यवस्थाएँ समय पर पूरी हों
ADM सिटी ने रेलवे, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और रोडवेज सहित सभी विभागों को तय समय में सभी सुविधाएँ दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, CO प्रथम/द्वितीय, साथ ही रेलवे, रोडवेज, निगम व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
