बरेली: एंटी करप्शन टीम ने एक बड़ी कार्रवाई कर सिंचाई विभाग के बाढ़ खण्ड के पर्यवेक्षक (बाबू) ऋषि कुमार सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। टीम ने उसे मीरगंज में हाइवे के पास स्थित एसबीआई एटीएम के सामने गिरफ्तार किया।
मुआवजे के बदले रिश्वत की मांग
शहर के फ्रेंड्स अपार्टमेंट सॉल्वेशन रोड निवासी शिकायतकर्ता दिलीप अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि उनकी बेटी के नाम कृषि भूमि का मुआवजा पास कराने के लिए विभाग का कर्मचारी पैसे की मांग कर रहा है। इस शिकायत के बाद एंटी करप्शन टीम ने तुरंत ट्रैप बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10,000 रुपये दिए, उसी समय टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने रिश्वत की रकम भी बरामद की।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
गिरफ्तार कर्मचारी के खिलाफ थाना सीबीगंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। अधिकारी अब इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या आरोपी ने इससे पहले भी ऐसे मामलों में पैसों की मांग की थी। इसके साथ ही एंटी करप्शन के सीओ ने रिश्वत मांगने की सूचना 9454405475 पर देने की बात कही है।
