विकास भवन में हुआ कार्यक्रम, अटल आवासीय विद्यालय के छात्रों को सम्मान, श्रमिक कल्याण योजनाओं पर जोर
बरेली : 1 मई अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में श्रम विभाग द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में डीएम अविनाश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव जया प्रियदर्शिनी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डीएम ने श्रमिकों को मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें देश के विकास का “निर्माण शिल्पी” बताया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बिना किसी भी समाज या राष्ट्र की प्रगति संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें मातृत्व सहायता, कन्या विवाह सहायता, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता और अटल आवासीय विद्यालय योजना प्रमुख हैं।
श्रमिक विकास के शिल्पी
डीएम ने सभी सेवायोजकों को निर्देश दिए कि वे सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही संगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ESI और PF जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस मौके पर अटल आवासीय विद्यालय, बरेली के कक्षा 10 पास 6 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता भी वितरित की गई।
अटल आवासीय विद्यालय के छात्रों का सम्मान
8 लाभार्थियों को मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के तहत करीब 31.95 लाख रुपये, 10 लाभार्थियों को पेंशन व विकलांगता सहायता के तहत करीब 20 लाख रुपये, 16 लाभार्थियों को मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत 4.45 लाख रुपये प्रदान किए गए।उप श्रमायुक्त ने कार्यक्रम में श्रमिकों के स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए नई श्रम संहिताओं की जानकारी दी। वहीं सहायक श्रमायुक्त ने अटल आवासीय विद्यालय में मिलने वाली मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी राम अवतार शर्मा ने किया। इस दौरान श्रम विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। यह आयोजन न सिर्फ श्रमिकों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि सरकार की योजनाओं के जरिए उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत संदेश भी दे गया।
