बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र के रायपुर हंस गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने आम के बाग में एक किसान का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव चारपाई के पास पड़ा था, और आसपास खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को तुरंत खबर दी गई।
सीने, पेट और पैर में मारी गई कई गोलियां
मृतक की पहचान गांव निवासी इंद्रपाल के रूप में हुई है। वह अक्सर अपने आम के बाग की रखवाली के लिए वहीं रुकते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, उनके शरीर पर कई गोलियों के निशान मिले हैं, सीने, पेट और पैर में गोलियां लगी थीं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या की।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
परिजनों ने इस हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी को कारण बताया है। उनका कहना है कि इंद्रपाल की भतीजी को गांव के ही एक युवक द्वारा बहला -फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया था। उसी के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों ने गांव के ही रिशिपाल, सर्वेश, विकास और संगम पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
शादी से लौटकर बाग में सोने गए थे इंद्रपाल
परिवार के अनुसार, इंद्रपाल गुरुवार रात एक शादी समारोह से लौटे थे और रोज की तरह अपने आम के बाग में सोने चले गए। सुबह जब वह घर नहीं लौटे और उनका शव मिला, तो परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस का बयान: तीन टीमें गठित, जल्द गिरफ्तारी का दावा
इस मामले में एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बताया कि 1 मई 2026 को इंद्रपाल को गोली लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं, और मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
