कैरिज रिपेयर शॉप में वेल्डिंग और ज्वलनशील केमिकल के एक साथ उपयोग से हादसा, यूनियनों ने प्रबंधन पर सुरक्षा उल्लंघन का लगाया आरोप
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर रेलवे यांत्रिक कारखाने (रेलवे वर्कशॉप) में शनिवार को कैरिज रिपेयर शॉप (लाइन नंबर-3) में आग लगने से पेंट शॉप की महिला कर्मचारी निर्मला देवी (50 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के दौरान पूरे कारखाने में अफरा-तफरी मच गई।
जानें कैसे हुआ हादसा?
शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे एसएलआर कोच की मरम्मत का कार्य चल रहा था। निर्मला देवी पीवीसी शीट चिपकाने का काम कर रही थीं। वहीं पास में पेंटिंग का काम और नीचे वेल्डिंग भी जारी थी। अचानक वेल्डिंग की चिंगारी ऊपर पहुंची और कोच के केबिन में आग भड़क गई। आग की चपेट में आने से निर्मला देवी के कपड़े जल गए। सहकर्मियों ने तुरंत आग बुझाई, और उन्हें मंडलीय रेलवे चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में भोजीपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी
रेलवे सुरक्षा नियमों के अनुसार,पेंटिंग और ज्वलनशील केमिकल का उपयोग वेल्डिंग के साथ एक ही समय पर नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद सभी काम एक साथ किए जा रहे थे। मुख्य कारखाना प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि हादसे की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यूनियनों ने किया विरोध
यूनियन पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ नारेबाजी की। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय दो यूनियनों के बीच भी कहासुनी हुई। निर्मला देवी का कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नाजुक बताया और इलाज जारी है।
