हरियाणा से कपड़ा खरीदकर लौट रहे थे व्यापारी, गजरौला में हुआ बड़ा हादसा
बरेली/अमरोहा : यूपी के गजरौला (अमरोहा) में नेशनल हाईवे पर बने अवैध कट ने शुक्रवार तड़के एक और दर्दनाक हादसे को जन्म दिया। चीनी मिल के उपकरण लेकर जा रहे ट्रक में तेज रफ्तार कार के पीछे से जा टकराने से बरेली के दो युवा कपड़ा व्यापारियों की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5 बजे गजरौला से करीब तीन किलोमीटर आगे मुरादाबाद मार्ग पर हुआ।
हरियाणा से कपड़ा खरीदकर लौट रहे थे व्यापारी
सूत्रों के अनुसार,मृतक सलमान और जाहिद, दोनों निवासी तिलियापुर (थाना सीबीगंज), बरेली के रहने वाले थे। वे अपने साथी आसिफ खां और कार चालक अनीस के साथ हरियाणा से कपड़ा खरीदकर रात में बरेली लौट रहे थे। कार को अनीस चला रहा था। इसी दौरान पंजाब के रोपड़ से आ रहा एक ट्रक चालक चीनी मिल का बायलर उपकरण लेकर चंदौसी की ओर जा रहा था।
अवैध कट से पार कर था था ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेट्रोल पंप के सामने बना अवैध कट हादसे की वजह बना। ट्रक हाईवे पार कर रहा था तभी दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे का हिस्सा कबाड़ में बदल गया। सलमान और जाहिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनीस और आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रेफर किया गया, ट्रक चालक हिरासत में है। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुँची। दोनों घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया। यहां से हालत नाज़ुक होने पर उन्हें निजी अस्पताल में रेफर किया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र सिंह ने पुष्टि की कि “मृतक दोनों युवक बरेली निवासी थे। घायलों का उपचार जारी है।”पुलिस ने ट्रक और कार को कब्जे में लिया। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
हाईवे पर अवैध कटों को लेकर फिर उठे सवाल
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने सवाल उठाए कि ऐसे अवैध कट अक्सर हाईवे सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बहुत बढ़ जाता है, और यह हादसा उसी लापरवाही का नतीजा बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
