सरदार पटेल जयंती: बरेली में पदयात्रा से लेकर प्रदर्शनी तक… शहर रंगा राष्ट्रभक्ति में
बरेली : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को बरेली में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का अनोखा दृश्य देखने को मिला। शहर के पटेल चौक से शुरू हुए यूनिटी मार्च में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, युवक मंगल दल, सामाजिक संगठन, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ कदम मिलाकर “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। मार्च के दौरान “भारत माता की जय, वंदे मातरम्, और एकता में ही शक्ति है” के नारे गूंजते रहे और पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में डूबा नजर आया।
पटेल चौक से बरेली कॉलेज तक पदयात्रा
सुबह 9 बजे शुरू हुई पदयात्रा चौकी चौराहा और गांधी उद्यान होते हुए बरेली कॉलेज परिसर पहुँची। यहाँ सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही स्वदेशी मेला, स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य शिविर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं। जिनमें युवाओं ने उत्साह से भाग लिया।
अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने दिया एकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि “सरदार पटेल सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि वह शक्ति हैं, जिन्होंने भारत को एक सूत्र में पिरोया। उनके विचार आज भी राष्ट्रीय एकता की नींव हैं।”सीडीओ देवायानी ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा “देश निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरदार पटेल का मार्ग आज भी दिशासूचक है।”
यह कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस दौरान कार्यक्रम में वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, विधायक संजय अग्रवाल, डी.सी. वर्मा, एस.पी. आर्य, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल,भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, एडीएम सिटी सौरभ दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पटेल चौक पर हुआ माल्यार्पण, राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई। सरदार पटेल स्मारक समिति की ओर से पटेल चौक पर माल्यार्पण समारोह आयोजित हुआ। समिति अध्यक्ष सी.एल. गंगवार के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पटेल प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। नगर मजिस्ट्रेट अलंकार सिंह ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और सद्भाव की शपथ दिलाई। इसी दौरान लाल बहादुर गंगवार को दिल्ली में मिला सरदार पटेल ग्लोबल अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूरे शहर में रहा उत्सव जैसा माहौल
कार्यक्रम के दौरान कहीं एकता रैलियाँ निकलीं, तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। इसके साथ ही कहीं युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया। जिला प्रशासन ने बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक एकता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रम जिले भर में आयोजित होते रहेंगे।
