बरेली: शहर में बारात के कारण लगे जाम में एंबुलेंस फंसने की घटना ने जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। सुरेश शर्मा नगर इलाके में एक गंभीर मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस बारात की वजह से ट्रैफिक में फंस गई। सड़क पर बैंड-बाजे, डांस और रुक-रुक कर चल रही बारात के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। स्थिति गंभीर होते देख डायल 112 और स्थानीय पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर एंबुलेंस को जाम से निकाला गया।
DM अविनाश सिंह का सख्त निर्देश, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी भी बारात या वैवाहिक समारोह के कारण सड़क जाम होता है और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल बाराती ही नहीं, बल्कि बैंड संचालक, दूल्हे के पिता और संबंधित बारात घर या मैरिज लॉन संचालक भी कार्रवाई की जद में आएंगे।
पुराने आदेश फिर से लागू, सड़क घेरकर कार्यक्रम पर रोक
जिलाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पहले जारी दिशा-निर्देशों को दोबारा प्रभावी किया जा रहा है। बैंक्वेट हॉल, जनवासा या मैरिज लॉन के बाहर सड़क पर खड़े होकर लंबे समय तक कार्यक्रम करना, पटाखेबाजी करना या रुक-रुक कर जुलूस की तरह बारात निकालना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात बाधित होने की स्थिति में दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नागरिकों से अपील: खुशी मनाएं, लेकिन जिम्मेदारी के साथ
जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि शादी-विवाह जैसे खुशी के अवसर पर कानून-व्यवस्था और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी मरीज या जरूरतमंद को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सड़क पर अव्यवस्था फैलाने से बचें।
