बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पीलीभीत हाईवे पर मंगलवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरेली देहात के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में शाम करीब पांच बजे गन्ने से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सामने से आ रही कार पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के साथ उस पर लदा पूरा गन्ना कार के ऊपर आ गिरा। मगर, कार सवार हाफिजगंज निवासी नौशाद भी कार में दब गए। मगर, उनको सुरक्षित निकाल लिया गया है। हालांकि, मामूली चोट आई है। मगर कार पूरी तरह दबने से क्षतिग्रस्त हो गई है। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
ऐसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार बरेली की ओर से नवाबगंज की तरफ जा रही थी, जबकि गन्ने से भरा ट्रक पीलीभीत की ओर से बरेली की तरफ आ रहा था। अचानक ट्रक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर पलटते हुए सीधे कार के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद कार दिखाई तक नहीं दे रही थी, क्योंकि वह पूरी तरह गन्ने के नीचे दब गई। इंस्पेक्टर हाफिजगंज ने The Justice HINDI को बताया कि गन्ने से भरे ट्रक का रस्सा खुल गया था। इसलिए ट्रक असंतुलित हो गया। कार के कुछ हिस्से पर गन्ना गिरा था। इसलिए कार सवार नौशाद को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
कई लोगों के फंसे होने की उड़ी अफवाह
दुर्घटना के बाद कार में सवार लोगों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। मगर, अफवाह उड़ गई कि कार में सवार कई लोग गन्ने के नीचे दबे हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए।
बचाव कार्य जारी, जेसीबी बुलाई गई
सूचना मिलते ही हाफिजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। कार के ऊपर से गन्ने को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। भारी मात्रा में गन्ना और पलटे ट्रक को हटाने के लिए जेसीबी मशीन भी मंगाई गई है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार सवार नौशाद को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
हाईवे पर यातायात ठप
हादसे के कारण पीलीभीत हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच
पुलिस का कहना है कि ट्रक के पलटने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार या संतुलन बिगड़ने को हादसे की वजह माना जा रहा है। ट्रक चालक की स्थिति और वाहन के दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
