पारिवारिक विवाद सुलझाने को बैठी थी पंचायत, लेकिन बन गई खूनखराबे की वजह
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी वारदात में बदल गई। पंचायत के दौरान दामाद ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव, और इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इसके साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस मौजूद लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
पंचायत के दौरान अचानक किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार अफसर खान का अपनी पत्नी 24 वर्षीय शायमा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के लोग गांव में पंचायत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक अफसर खान ने चाकू निकालकर वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
सास और साले की अस्पताल में मौत
हमले में उसकी 45 वर्षीय सास आसमा और 19 वर्षीय साला आदिल गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी पर भी किया जानलेवा हमला
घटना के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी शायमा पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी फरार
इस घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद ही घटना की मुख्य वजह सामने आ रही है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के दौरान अचानक हुए इस हमले से पूरे गांव में दहशत फैल गई। लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
