एसपी चीफ ने कहा-गैस नहीं दे पा रही सरकार, जनता लाइन में खड़ी, फर्जी फार्म-7 से वोट कटवाने की साजिश
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी फर्जी तरीके से प्रिंटेड फॉर्म-7 के जरिए समाजवादी पार्टी के वोटरों के नाम कटवाने की साजिश कर रही है।संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर कराकर मतदाता सूची से वोट कटवाने की कोशिश की गई, जिसकी शिकायत चुनाव आयोग से की गई थी, लेकिन दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चुनाव के दौरान अधिकारियों को हटाने पर भी उठाए सवाल
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जब किसी राज्य में विधानसभा चुनाव होता है, और वहां बीजेपी की सरकार नहीं होती, तो सबसे पहले डीजीपी और मुख्य सचिव जैसे बड़े अधिकारियों को हटा दिया जाता है, लेकिन जहां बीजेपी की सरकार होती है, वहां ऐसा नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान कई ऐसे अधिकारी भी पद पर बने रहे जिनके परिवार के लोग चुनाव लड़ रहे थे।
LPG गैस की किल्लत को लेकर सरकार पर निशाना
सपा अध्यक्ष ने देश में एलपीजी गैस की कथित किल्लत को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बीजेपी बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन लोगों को रसोई गैस तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।जगह-जगह लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं और परेशानियों का सामना कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि जहां-जहां गैस के लिए लाइनें लगी हों, उनकी तस्वीरें पार्टी कार्यालय को भेजें, ताकि सरकार के दावों की सच्चाई सामने आ सके।
भर्ती परीक्षा के विवादित सवाल पर भी जताई नाराजगी
पुलिस भर्ती परीक्षा में आए विवादित सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी समाज को अपमानित करना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी जानबूझकर ऐसे मुद्दे खड़े करती है और फिर दूसरों को बदनाम करने की कोशिश करती है।
कांशीराम और मुलायम सिंह के गठबंधन का भी किया जिक्र
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि एक समय कांशीराम और मुलायम सिंह यादव ने मिलकर देश को नई दिशा दी थी और बीजेपी को हराया था। उनके अनुसार उसी के बाद बीजेपी ने अपने कार्यक्रमों में डॉक्टर बीआर अम्बेडकर की तस्वीर लगाना शुरू किया।
नवरात्रि को लेकर दी शुभकामनाएं
आने वाले नवरात्र पर्व को लेकर भी उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माहौल अच्छा रहना चाहिए और बेटियों व महिलाओं को बेहतर सुरक्षा मिलनी चाहिए।
