लखनऊ : आगा मीर सैयद अब्बास हुसैन खोरासानी ने कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के बयान की कड़ी निंदा करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक प्रसिद्ध न्यूज चैनल के एक लाइव कार्यक्रम के दौरान सुब्रत पाठक ने ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें आतंकवादी कहकर संबोधित किया। खोरासानी के मुताबिक इस तरह की भाषा न केवल अनुचित है बल्कि इससे बड़ी संख्या में लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं।
राजनाथ सिंह और भाजपा नेतृत्व से कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर आगा मौर सैयद अब्बास हुसैन खोरासानी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि एक पूर्व जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करना राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, इसलिए पार्टी को इस पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।
भारत-ईरान संबंधों पर असर पड़ने की जताई चिंता
उन्होंने कहा कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से कूटनीतिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। ऐसे में किसी भी सार्वजनिक मंच से दिया गया विवादित बयान दोनों देशों के संबंधों और भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि पर असर डाल सकता है। उनका कहना है कि इस तरह के मामलों में जिम्मेदारी और संयम जरूरी है, ताकि देश की विदेश नीति और सामाजिक सौहार्द पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
