भमोरा में 1000 हेक्टेयर में बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर,
बरेली : जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। गंगा एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग के पास बड़ा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए आंवला तहसील के भमोरा क्षेत्र में करीब 1000 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। इस परियोजना को विकसित करने के लिए प्रशासन यूपी एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPIDA) से समन्वय कर रहा है।
भमोरा क्षेत्र को इसलिए चुना
प्रशासन के अनुसार भमोरा क्षेत्र निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है। यहां उद्योग स्थापित होने पर परिवहन और लॉजिस्टिक की बेहतर सुविधा मिलेगी। इस स्थान से माल की आवाजाही देश के कई बड़े शहरों तक आसानी से हो सकेगी।
यूपीडा करेगा परियोजना का विकास
डीएम अविनाश सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को विकसित करने के लिए यूपीडा से बातचीत चल रही है।योजना के तहत यहां आधुनिक औद्योगिक बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा, ताकि बड़ी कंपनियों और निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। प्रशासन का मानना है कि इससे बरेली क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और निवेश बढ़ेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल उद्योगों को मिलेगा मंच
इस औद्योगिक कॉरिडोर में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और अन्य मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए विशेष औद्योगिक जोन विकसित किए जा सकते हैं। उद्योगों को प्लग एंड प्ले सुविधा दी जाएगी, जिसमें जमीन, बिजली, पानी, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध होंगी। इससे कंपनियां कम समय में उत्पादन शुरू कर सकेंगी।
लॉजिस्टिक पार्क और वेयरहाउस भी बनेंगे
परियोजना के तहत इंडस्ट्रियल
कॉरिडोर के साथ लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउस और ट्रांसपोर्ट हब विकसित करने की भी योजना है। इससे माल ढुलाई तेज और सस्ती हो सकेगी। इसके अलावा उद्योगों के आसपास स्मार्ट टाउनशिप विकसित करने की भी संभावना है, जहां कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाएं होंगी। डीएम करेंगे स्थल का निरीक्षण जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि आंवला तहसील क्षेत्र में लगभग 1000 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक गलियारे के लिए चिन्हित की गई है और इस परियोजना को विकसित करने के लिए यूपीडा से बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनने से जिले में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके लिए प्रशासनिक टीम जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर आगे की प्रक्रिया तय करेगी।
