बरेली : शहर के थाना बारादरी पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान जिला बदर किए गए एक शातिर बदमाश को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 15 मार्च की रात करीब 11:15 बजे उपनिरीक्षक मनीष भारद्वाज अपनी टीम के साथ रोहिलखंड चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वसीम उर्फ गण्ठी नाम का व्यक्ति, जिसे पहले जिला बदर किया जा चुका है। इस समय भरतौल रोड के पास अवैध तमंचे के साथ घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी में मिला अवैध तमंचा और कारतूस
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम वसीम उर्फ गण्ठी निवासी मोहल्ला ईंट पजाया, थाना बारादरी बताया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसकी पैंट के फेट से 12 बोर का तमंचा और जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
छह महीने के लिए किया गया था जिला बदर
पुलिस जांच में पता चला कि डीएम बरेली के आदेश पर 6 फरवरी, 2026 को आरोपी को छह महीने के लिए बरेली जिले से जिला बदर कर पीलीभीत भेजा गया था। इसके बावजूद वह चोरी-छिपे बरेली में घूम रहा था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ ईद मनाने के लिए बरेली आया था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 10 गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 तथा धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
