बरेली : शहर के पीलीभीत रोड स्थित लभेडा टोल प्लाजा के पास संचालित एक नर्सिंग कॉलेज एक बार फिर विवादों में आ गया है।कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में लंबे समय से अनियमितताएं चल रही हैं और आवाज उठाने वाले छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।
छात्रों ने लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज की प्राचार्या द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार किया जाता है, और उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। छात्रों के अनुसार इस संबंध में वे पिछले करीब एक साल से कॉलेज प्रबंधन के मैनेजर से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी छात्रों का कहना है कि कॉलेज में हो रही गलत गतिविधियों और पक्षपात का विरोध करने पर उन्हें एक्सटर्नल प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी दी जाती है। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि थ्योरी परीक्षा में पास होने के बावजूद उन्हें प्रैक्टिकल में जानबूझकर फेल कर दिया जाता है, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो सकता है।
पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप
छात्र-छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि एक्सटर्नल प्रैक्टिकल में पास कराने के नाम पर उनसे दो-दो हजार रुपये की मांग की जाती है। इतना ही नहीं, स्कॉलरशिप फॉर्म आगे बढ़ाने के नाम पर भी छात्रों से 2000 रुपये वसूले जाने का आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि यदि पैसे नहीं दिए जाते, तो उन्हें भविष्य खराब करने की धमकी दी जाती है।
डीएम से की जांच की मांग
इन आरोपों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचे और शिकायत पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।छात्रों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा पारदर्शी जांच कराई जाए, तो कॉलेज में हो रही अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार का खुलासा हो सकता है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
