तेज हवा में टूटा बिजली का तार, बस में सो रहा हेल्पर झुलसा, चाय वाले की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
बरेली : यूपी के बरेली की नगर पालिका बहेड़ी के रोडवेज बस अड्डे के पास रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज हवा के चलते हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर खड़ी बस पर गिर पड़ा। तार गिरते ही बस में तेज चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते बस में आग लग गई। उस समय बस के अंदर सो रहा हेल्पर करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद बस अड्डे और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
बस में सो रहा हेल्पर करंट की चपेट में आया
मिली जानकारी के अनुसार पीलीभीत-बहेड़ी मार्ग पर चलने वाली कई बसें रविवार देर रात बस अड्डे के पास खड़ी थीं। इसी दौरान तेज हवा के कारण हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बस संख्या UP 26 T 9897 पर गिर गया। उस समय बस के अंदर हेल्पर अन्नू, निवासी मधोटांडा (जिला पीलीभीत) सो रहा था। तार गिरते ही बस में करंट फैल गया और अन्नू उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं तार गिरने के साथ ही बस में चिंगारियां उठीं और कुछ ही देर में बस में आग भड़क गई।
चाय वाले की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के समय पास ही एक चाय की दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने स्थिति को तुरंत भांप लिया। उसने फौरन बिजली विभाग को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई और दमकल विभाग को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
गंभीर हालत में हेल्पर जिला अस्पताल रेफर
करंट से झुलसे हेल्पर को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं कराई जाती तो आग आसपास खड़ी अन्य बसों और दुकानों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
देर रात तक मचा रहा हड़कंप
घटना के बाद देर रात तक बस अड्डे के आसपास दहशत और अफरा -तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से हाईटेंशन लाइनों की नियमित जांच कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
