बरेली: शहर के रामपुर गार्डन स्थित बीएसए ऑफिस में दिनदहाड़े एक युवक पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले युवक को ऑफिस में घेरा, फिर मारपीट की और 20 फीट ऊंची छत से नीचे धक्का दे दिया। यह पूरी वारदात ऑफिस के सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर कैद हुई है। हालांकि, यह घटना शुक्रवार की है, लेकिन वीडियो शनिवार को सामने आया है।
मारपीट कर छत से धक्का दिया, हाथ-पैर टूटे
शहर की बारादरी कोतवाली थाना क्षेत्र के सुपर सिटी निवासी छोटेलाल किसी कार्य से बीएसए ऑफिस पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान बिथरी चैनपुर निवासी टिंकू, आकाश पुत्र रूमपाल, शेरगढ़ निवासी महिपाल, और उनके साथ आई तीन महिलाओं समेत कुल सात लोगों ने अचानक वहां धावा बोल दिया। जान बचाने के लिए छोटेलाल स्टोर रूम में छिप गए, लेकिन आरोपी छत की मुमटी से कूदकर सीधे बालकनी में आए और उन्हें पकड़ लिया। मारपीट करते हुए दबंगों ने छोटेलाल को 20 फीट नीचे धक्का दे दिया, जिससे उनका बायां पैर और दाहिना हाथ टूट गया।
गिरने के बाद भी हमला जारी
आरोप है कि नीचे गिरते ही घायल छोटेलाल बेसुध हो गए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी जीने से नीचे उतरकर फिर उस पर टूट पड़े। चीख -पुकार सुनकर ऑफिस कर्मचारी पहुंचे, तब जाकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
जानें क्या बोले बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडे
बारादरी कोतवाली थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने THE JUSTICE HINDI को बताया कि इस पूरे प्रकरण में FIR दर्ज कर ली गई है, और आगे की विधिक कार्रवाई प्रगति पर है।
