बरेली: मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शहर की बारादरी थाना पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दो तस्करों को गिरफ्तार कर 20.80 किलो डोडा छिलका बरामद किया है। दोनों आरोपी फरीदपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पीलीभीत के बरखेड़ा में डोडा की सप्लाई करने जा रहे थे।
कैसे पकड़े गए तस्कर?
सूचना के आधार पर बारादरी पुलिस ने दिव्यानी लॉन के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में डोडा छिलका मिला, जिसके बाद तत्काल सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को मौके पर बुलाया गया। आरोपी वीरपाल, निवासी गांव तुमड़िया, और वीरेंद्र, निवासी गोविंदापुर, फरीदपुर हैं। दोनों के पास से 20.80 किलो डोडा छिलका बरामद हुआ।
जानें कहाँ से आया डोडा ?
पूछताछ में आरोपी वीरपाल ने खुलासा किया कि उसने यह डोडा बदायूं क्षेत्र के किसानों से खरीदा था।
उसका प्लान था कि इसे पीलीभीत के बरखेड़ा में ऊँची कीमत पर बेच दिया जाए, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सीओ पंकज श्रीवास्तव की मौजूदगी में जब्त डोडा छिलका को सील कर दिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act में मुकदमा दर्ज है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
