बरेली : यूपी के बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। फ्लाईओवर पर हाइमास्ट लाइटें बंद होने और अंधेरा रहने के कारण गन्ने से भरी एक ट्रॉली पलट गई। इसके बाद एक के बाद एक कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते चले गए। हादसे में छह लोग घायल हुए, जबकि स्कूटी सवार एक युवक का पैर टूट गया।
जमें कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मीरानपुर कटरा के गांव ईश्वरा निवासी दयाराम सुबह करीब चार बजे गन्ना लेकर चीनी मिल की ओर जा रहे थे। टिसुआ से पहले फ्लाईओवर पर अचानक ट्रॉली का टायर फट गया, जिससे ट्रॉली पलटकर सड़क पर फैल गई। अंधेरा इतना गहरा था कि पीछे से आ रही शाहजहांपुर की एक कार सीधे ट्रॉली से जा टकराई। कार टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार दूसरी लेन में चली गई। गनीमत रही कि उस कार में बैठे लोगों को गंभीर चोट नहीं आई।
ब्रेक लगाने से बढ़ा हादसा, कई वाहन भिड़े
पहली कार को बचाने के लिए पीछे आ रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ट्रक के पीछे मुरादाबाद के कटघर निवासी रजत की कार आ रही थी, जो सीधे ट्रक से जा टकराई।इस टक्कर में रजत, उनकी पत्नी राजश्री, सास शीतल, बाबूराम और एक बच्चा घायल हो गए। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी निजी अस्पताल भेजा। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हाइड्रा मशीन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों और गिरे गन्ने को हटवाया। करीब आधे घंटे बाद आवागमन फिर से शुरू हो सका।
स्कूटी सवार का पैर टूटा
गन्ने की ट्रॉली पलटने के बाद गन्ना फैलने के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान फतेहगंज पूर्वी की तरफ से आ रहे सुभाषनगर निवासी देवेंद्र की स्कूटी फिसल गई और वह जोर से सड़क पर गिर पड़े। उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने उन्हें भी अस्पताल भेजा।
अंधेरे में हादसा-हाइमास्ट लाइटें बंद
कार चालक रजत ने बताया कि फ्लाईओवर पर बड़ी-बड़ी हाइमास्ट लाइटें लगी हैं, लेकिन एक भी लाइट नहीं जल रही थी। अंधेरे में सड़क ही नहीं दिख रही थी, इसी वजह से ट्रॉली पलटने के बाद इतना बड़ा हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि फतेहगंज पूर्वी फ्लाईओवर पर लाइटें लंबे समय से बंद हैं, जिसके कारण रोज हादसे होने का खतरा बना रहता है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने पुष्टि की कि ट्रॉली पलटने के चलते कई वाहन आपस में टकराए थे और सभी घायलों को सुरक्षित अस्पताल भेज दिया गया है।
