अयोध्या : आगामी ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों को परखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को नगरी पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से निकलने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे हनुमानगढ़ी की ओर रवाना हुआ। यहां वह हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद रामलला के दर्शन के लिए श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे।
राम मंदिर क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक भी करेंगे। यह बैठक मंदिर परिसर में स्थित यात्री सुविधा केंद्र में आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित अयोध्या आगमन और ध्वजारोहण समारोह की विस्तृत तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त करेंगे।
सीएम योगी इसके बाद साकेत महाविद्यालय, रामजन्मभूमि परिसर, मुख्य कार्यक्रम स्थल और महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों द्वारा उन्हें सुरक्षा, यातायात और आयोजन से जुड़े सभी प्रबंधों की जानकारी दी जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी के सामने ध्वजारोहण समारोह का रिहर्सल भी किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी तरह की कमी न रह जाए। निरीक्षण और बैठकें पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 5 बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
