ईको में सवार थे 12 लोग,ओवरटेक के दौरान हुआ भयानक एक्सीडेंट, रातभर चला रेस्क्यू अभियान
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र के बारहेपुरा- बीसलपुर रोड पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बीसलपुर की ओर जा रही एक ईको वैन और सामने से आ रही बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मृतक तीनों युवक पीलीभीत के रहने वाले
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राकेश (30 वर्ष), गौरव (19 वर्ष) (दोनों निवासी ग्राम लाम्हुआ, थाना दियोरिया, जिला पीलीभीत) जितेंद्र (32 वर्ष) निवासी परेवातुर्रा, थाना बिलसंडा, पीलीभीत के रूप में हुई है। यह तीनों युवक बीसलपुर से वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक टक्कर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने तकनीकी उपकरणों की मदद से फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला। राहत कार्य के दौरान टीम ने तेजी और संवेदनशीलता से काम किया, जिसकी स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।
बस जब्त, चालक फरार,पुलिस की जांच जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि ईको चालक ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बस से जा टकराया। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।।पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।।मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने निभाई मानवता
हादसे के बाद बीसलपुर रोड पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
देर रात तक राहत दल और पुलिस घटनास्थल पर डटे रहे। पुलिस ने बताया कि मौके पर शांति बनी हुई है और हादसे की जांच जारी है।
