एनकाउंटर के बाद घटनास्थल से बरामद पिस्टल, तमंचा और कारतूस दिखाती पुलिस।
शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी और हिस्ट्रीशीटर अपराधी नफीस मारा गया। कांधला थाना क्षेत्र के गांव भभीसा के जंगल में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नफीस को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।
34 आपराधिक मुकदमों में था वांछित
एसपी शामली एनपी सिंह के अनुसार, मारा गया बदमाश नफीस कांधला कस्बे के मोहल्ला खैल का निवासी था। वह थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर था और उस पर 34 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या, लूट, जानलेवा हमला, गैंगस्टर एक्ट और नकली करेंसी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। इनमें से तीन मामलों में वह वांछित चल रहा था।
शनिवार सुबह कांधला पुलिस भभीसा चौकी के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, तो वे पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी के दौरान नफीस को गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस की बहादुरी से बची बड़ी घटना
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग में कांधला थाना प्रभारी सतीश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने मौके से .32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
यह मुठभेड़ पूरी तरह आत्मरक्षा में की गई थी। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय कुख्यात अपराधी का अंत हुआ है। फिलहाल फरार साथी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।- एनपी सिंह, एसपी
