हाफिजगंज क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, मेला देखने जा रहे दो किशोरों और बाइक सवार युवक की गई जान, हेलमेट न पहनने पर उठे सवाल
बरेली : यूपी के बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सेंथल -जादोपुर मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक और साइकिल की आमने -सामने टक्कर में बाइक सवार युवक और दो किशोरों की जान चली गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार हादसा सेंथल पट्टी गांव स्थित ब्रह्मदेव स्थल के पास हुआ। तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।हादसे में बाइक सवार पुष्पेंद्र (22 वर्ष), निवासी टांडा इनायतुल्ला थाना भोजीपुरा, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साइकिल सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया, जहां भानु (12 वर्ष) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र (15 वर्ष) को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
उत्तराखण्ड में करते थे सिलाई
दोनों किशोर नवाबगंज क्षेत्र के मुड़िया बिशनसहाय गांव के निवासी थे और साइकिल से मेला देखने जा रहे थे। परिजनों के अनुसार पुष्पेंद्र उत्तराखंड के रुद्रपुर में सिलाई का काम करता था और रविवार को ही गांव लौटा था।सोमवार सुबह वह अपनी बहन के घर जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुष्पेंद्र के पास हेलमेट था, लेकिन उसने उसे पहना नहीं था। हेलमेट बैग में रखा हुआ मिला। लोगों का कहना है कि यदि उसने हेलमेट पहना होता तो संभवतः उसकी जान बच सकती थी।
परिवारों में मचा कोहराम
पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। मगर, हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। हादसे की जानकारी होने के बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार और गांव के लोग सांत्वना देने पहुंचे।।
