पीलीभीत/बरेली: बाघ देखने के शौक में बरेली के पांच युवक ऐसी मुसीबत में फंसे कि रात थाने में बितानी पड़ी। गूगल मैप से रास्ता तय कर ये युवक पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पास महोफ गेट तक तो पहुंच गए, लेकिन रात में जंगल में घूमते देख स्थानीय ग्रामीणों और ‘बाघ मित्रों’ ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों को शक हुआ कि ये कोई शिकार गिरोह हो सकता है। सूचना मिलते ही वन विभाग और न्यूरिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, और सभी युवकों को कार समेत थाने ले जाया गया। यहां घंटों पूछताछ चली। पकड़े गए युवक बरेली के प्रेमनगर इलाके के रहने वाले हैं। उनका दावा है कि वे शौकिया बाघ देखने जंगल आए थे। मगर, गूगल मैप की वजह से वे भटक गए और रात में जंगल के किनारे घूमते रहे। पुलिस ने कार की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि युवकों की बात फिलहाल सही प्रतीत हो रही है, लेकिन प्रेमनगर थाने से भी जानकारी मांगी गई है। पुलिस के अनुसार, रात में जंगल में प्रवेश प्रतिबंधित है। इसलिए आगे की कार्रवाई जांच पर निर्भर करेगी।
