मंडल में यात्री और माल यातायात में रिकॉर्ड वृद्धि, नई सुरक्षा पहल और महिला-मित्रवत कार्यस्थल पर फोकस
बरेली : इंडियन रेलवे के इज्जतनगर मंडल में यात्रियों की सुविधा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने मंडल का निरीक्षण दौरा किया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में हुई बैठक में एडीआरएम मनोज कुमार ने मंडल की उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष में यात्रियों की संख्या 24.61 मिलियन रही, जो पिछले वर्ष से 9.43% अधिक है। माल लोडिंग 0.490 मिलियन टन तक पहुंची। इसमें 15.83% की वृद्धि दर्ज हुई। अप्रैल से जुलाई 2025 तक समयपालन 90.82% रहा। यात्री सेटलमेंट मामलों में इज्जतनगर मंडल पूरे भारतीय रेलवे में चौथे स्थान पर रहा।
यात्री सुविधा को चलाई स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 9 जोड़ी समर स्पेशल व मेला स्पेशल ट्रेनों और 1 नियमित गाड़ी का संचालन किया गया, जिसमें लालकुआं-बेंगलुरु-लालकुआं (05374/05373) गाड़ी सबसे लोकप्रिय रही। सुरक्षा के लिए 8 स्टेशनों पर पैदल उपरिगामी पुल, 5 नॉन-इंटरलॉक गेट को इंटरलॉक और 2 समपार फाटक बंद किए गए।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में लगे 96500 पौधे
पर्यावरण संरक्षण को लेकर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत अब तक 96,500 पौधे लगाए गए। सौर ऊर्जा उत्पादन 5,71,423 के.डब्ल्यू.पी. तक पहुंचा, जो पिछले साल से 32.64% अधिक है। महिला कर्मचारियों की भागीदारी को लेकर “रेल और नारी” विषय पर लघु फिल्म दिखाई गई। जीएम ने कार्यस्थल को महिला-मित्रवत बनाने और उनकी भूमिका को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने “विशेष रख-रखाव निर्देश और विश्वसनीयता कार्य योजनाएं” पुस्तक का विमोचन किया और इसे सभी कार्यालयों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान जीएम ने नवीनीकृत लेखा अनुभाग कार्यालय का उद्घाटन किया, जिसमें मिनी पुस्तकालय और रेलवे से जुड़ा साहित्य उपलब्ध कराया गया। परिसर में अशोक का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
रेल यूनियन के पदाधिकारियों ने की मुलाकात
इस मौके पर मंडल के सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन पदाधिकारी, पर्यवेक्षक, रेलवे सुरक्षा बल और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। जीएम ने सभी से यात्रियों की सुविधा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की।
