झांसी/लखनऊ : यूपी के झांसी में महिला की हत्या कर उसके शव के 7 टुकड़े करने वाले तीसरे आरोपी प्रदीप उर्फ दीपक अहिरवार को पुलिस ने एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। टोडी फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दुगारा के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने प्रदीप को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायर कर दिया। इसके जवाबी कार्रवाई में प्रदीप के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्रदीप पर 25,000 का इनाम घोषित कर रखा था।
मध्य प्रदेश में छोड़ा पति, और झांसी में शिफ्ट
पीड़िता ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की रहने वाली रचना यादव, जिसने अपने पति को छोड़कर झांसी में रहना शुरू किया था। रचना का पूर्व प्रधान संजय पटेल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जब रचना ने संजय पर शादी का दबाव बनाया, तो उसने रचना को रास्ते से हटाने की साजिश रची। संजय, संदीप और प्रदीप ने मिलकर रचना की गला दबाकर हत्या की और शव के 7 टुकड़े कर बोरों में भरकर कुएं और नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस ने पहले संजय पटेल, और संदीप पटेल को 20 अगस्त को पकड़ा था। प्रदीप फरार चल रहा था, जिसे अब एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया गया। एसपी देहात डॉ. अरविंद कुमार ने मीडिया को बताया कि स्क्वायड टीम और टोडी फतेहपुर थाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में प्रदीप पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है और इलाज जारी है। आरोपी पर पहले से 25,000 का इनाम था।
