बरेली : यूपी के बरेली से इस वक्त एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित यूपी सरकार के कैबिनेट पशुधन मंत्री की एक अहम बैठक के दौरान फरीदपुर से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई।बैठक के बीच ही उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद मौके पर अफरा -तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल इलाज के लिए शहर के पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने कल ही अपना जन्मदिन मनाया था, और किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि अगले ही दिन इस तरह की दुखद घटना सामने आएगी। वे जनता के बीच सरल, मिलनसार और सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में पहचाने जाते थे।
दूसरी बार बने थे विधायक
डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। अपने क्षेत्र में वे स्वास्थ्य, जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहते थे। उनकी अचानक मौत से न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि समर्थकों और क्षेत्रवासियों को गहरा सदमा पहुंचा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में दुख की लहर
इस घटना की सूचना मिलते ही पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। शोक संतप्त परिवार के प्रति हर तरफ से संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। फिलहाल उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए तैयार किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। अंतिम संस्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी परिवार और प्रशासन द्वारा आगे साझा की जाएगी।
