बरेली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संकल्पित पहल के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत बरेली के 8693 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त के रूप में 1,00,000 प्रति लाभार्थी सीधे ट्रांसफर की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ से किया गया। जिसे वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, सांसद बरेली छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर उमेश गौतम, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और अन्य अधिकारियों सहित लाभार्थियों ने देखा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी पात्र व्यक्ति बिना आवास के नहीं रहेगा। यह संकल्प केवल शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार इसे हर स्तर पर लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शहरी गरीब परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराना
वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि योजना गरीब और पात्र परिवारों को पक्का घर देने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। वहीं एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने लाभार्थियों से आवास निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने की अपील की। डीएम बरेली अविनाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी पूर्ण रूप से संकल्पित हैं कि प्रदेश में कोई भी गरीब परिवार छत के बिना नहीं रहेगा।
योजना का क्रियान्वयन पारदर्शी और तेज गति से होगा
डीएम ने कहा कि योजना का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण और तेज गति से किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को उनके आवास स्वीकृति और धनराशि अंतरण संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। इस पहल से बरेली के गरीब और पात्र परिवारों के सपनों का घर अब वास्तविकता में बदल रहा है।
