प्रेमिका को लेकर तनाव की आशंका, अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
पीलीभीत/बरेली : यूपी के बरेली के एक युवा इंजीनियर ने कथित प्रेम प्रसंग के चलते पीलीभीत के एक होटल में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बरेली के थाना हाफिजगंज क्षेत्र के गांव योसलपुर निवासी 27 वर्षीय दीपांशु के रूप में हुई है। युवक पिछले तीन दिनों से पीलीभीत के छतरी चौराहा स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
होटल के कमरे में खाया जहरीला पदार्थ
जानकारी के मुताबिक दीपांशु पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र स्थित छतरी चौराहा के पास एक होटल में पिछले तीन दिन से रुका हुआ था। बुधवार रात उसने होटल के कमरे में विषाक्त पदार्थ खा लिया। जहर खाने के बाद दीपांशु ने शहर के बल्लभनगर कॉलोनी निवासी अपने एक परिचित को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिचित होटल पहुंचे और होटल स्टाफ को मामले की जानकारी दी।
अस्पताल में तोड़ा दम
होटल कर्मचारियों की मदद से युवक को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर थाना सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रेम प्रसंग की बात आई सामने
मृतक के पिता ने बताया कि दीपांशु ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और उसकी एक सरकारी कंपनी में नौकरी भी लगी थी, लेकिन उसने ज्वॉइन नहीं किया था। परिजनों के अनुसार दीपांशु का पीलीभीत की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी संबंध में वह मानसिक तनाव में था।
जांच में जुटी पुलिस
प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग के चलते युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।
