बरेली : जिले में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे के बीच प्रशासन ने छात्रों को राहत देते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। डीएम के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. विनीता ने आदेश जारी कर कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया है। यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों के साथ-साथ सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। सभी स्कूलों को समय परिवर्तन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन का कहना है कि पाठ्यक्रम समय से पूरा करने और आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूल खोलने का फैसला लिया गया है, लेकिन बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय में बदलाव किया गया है। इससे पहले ठंड और कोहरे के कारण शनिवार तक अवकाश घोषित किया गया था।
धूप निकलने से मिली कुछ राहत, लेकिन गलन बरकरार

लगातार दो दिनों तक घने कोहरे के बाद रविवार को बरेली में मौसम थोड़ा साफ रहा। दिनभर हल्की धूप खिली रही, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली और बाजारों में रौनक लौटती दिखी। हालांकि तापमान में गिरावट के कारण गलन बनी रही। बीते कई दिनों से जिले में घना कोहरा छाया हुआ है और तापमान लगातार नीचे जा रहा है।
सबसे ठंडा जिला दर्ज
शनिवार को बरेली प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा, यानी दिन-रात के तापमान में सिर्फ तीन डिग्री का अंतर दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ठंड और कोहरे के इस दौर में प्रशासन ने स्कूल समय में बदलाव कर अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत दी है, वहीं मौसम को लेकर सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।
