बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा वार किया है। चेकिंग के दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जो स्मैक में पाउडर मिलाकर उसे ज्यादा मात्रा में बेचता था। पुलिस ने उसके पास से लाखों की ड्रग्स और कार बरामद की है।
जानें कैसे हुई गिरफ्तारी?
मीरगंज थाना पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि एक व्यक्ति ड्रग्स लेकर आ रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी मेहताब को पकड़ लिया। वह बरेली के मोहनपुर गांव का रहने वाला है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपी के पास से 362 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 4 किलो 668 ग्राम बेंटोनाइट पाउडर और एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
कैसे करता था धोखाधड़ी?
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक में पाउडर मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ा देता था। इससे वह कम माल में ज्यादा पैसा कमा लेता था। उसने यह भी बताया कि वह स्मैक ट्रक चालकों से खरीदता था।
पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने नया केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
